संसद वाणी/ गाजीपुर।
रेवतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी मोड़ के पास रविवार की सुबह एनएच 124 ताड़ीघाट- बारा मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया के बगल में बनाए गए लिंक मार्ग पर अनियंत्रित होकर कार्यदायी संस्था का ट्रैक्टर पलट जाने से गंभीर रुप से घायल चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ताड़ीघाट-बारा मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया पर कार्य चल रहा है। जिसके चलते वाहनों के आवागमन के लिए बगल में लिंक मार्ग जो केवल मिट्टी व कंकड़ डालकर बनाया गया है। कार्यदायी संस्था में कार्यरत सोनभद्र के भरौली घोरावल निवासी ट्रैक्टर चालक रामलाल (40) सुबह ट्रैक्टर लेकर लिंक मार्ग से गुजर रहा था। अचानक सवारी बस आ जाने से चालक ट्रैक्टर सड़क किनारे ले जाने लगा। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें वह दबकर गंभीर रुप से घायल हो गया। आस पास के लोगों ने वहां पहुंचकर उसे ट्रैक्टर से बाहर निकाला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल चालक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। रामपाल की पत्नी प्रमिला भी यहीं रेवतीपुर में उसी कार्यदायी संस्था में मजदूरी का कार्य करती है। चालक को एक पुत्री भी है। इस मामले में थानाध्यक्ष प्रशान्त कुमार चौधरी ने बताया कि पकड़ी निर्माणाधीन पुलिया के पास अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली पलट जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेंज दिया गया।