रोहनिया/संसद वाणी: वाराणसी से बड़ी खबर है। यहां घर में घुसकर मां-बेटे और बेटी की हत्या कर दी गई है। तीनों के शव घर पर खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। सिर और बॉडी पर चोट के निशान थे। पास में ही हंसिया, डंडा और टूटी कुर्सी भी पड़ी थी। वारदात की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉयड के साथ पहुंची पुलिस घटना की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, वारदात को एक दिन पहले अंजाम दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि महिला के दामाद ने वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल दामाद की तलाश की जा रही है। वह अपने घर से गायब है।

- पति से अलग रहती थी महिला
राजातालाब थाना के मिल्कीपुर गांव में रानी गुप्ता (55) अपने पति भोलानाथ गुप्ता से लगभग 6 साल से अलग रहती थी। रानी का भोलानाथ से मुकदमा चल रहा है। भोलानाथ और उसका बड़ा बेटा दीपक मिल्कीपुर से कुछ दूर पनियरा गांव में रहते हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, दो दिन से रानी के घर में कोई हलचल नहीं थी। आज उसके घर का दरवाजा खटखटाया गया तो अंदर से कोई आहट नहीं आई। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी तो रानी, उसकी बेटी पूजा गुप्ता (26) और छोटे बेटे 22 साल के मोहन का लहूलुहान शव घर में जमीन पर पड़ा मिला। फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम की पड़ताल में रानी के घर में डंडा, हंसिया और एक टूटी हुई कुर्सी मिली। डाग स्क्वॉड घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में घूमा, लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं हो सका। डाग स्क्वॉड घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में घूमा, लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं हो सका।
- घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा-
राजातालाब थाने की पुलिस के अनुसार, रानी कुछ सालों से अपने पति और बड़े बेटे से अलग रहती थी। उसकी शादीशुदा बेटी पूजा उसके घर आती-जाती रहती थी। पूजा की शादी वंदेपुर गांव निवासी अरविंद गुप्ता के साथ हुई है। दामाद का भी रानी के घर पर आना-जाना लगा रहता था। वह कल आखिरी बार रानी के घर पर देखा गया था। पुलिस का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाले महिला के करीबी ही हैं। एडिशनल सीपी (क्राइम/हेडक्वार्टर) संतोष कुमार सिंह ने कहा कि तीनों लोगों की हत्या की गई है। तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए जा रहे हैं। महिला के पति और बड़े बेटे ने दामाद पर हत्या की शंका जताई है। फिलहाल वह मोबाइल बंद कर अपने घर से गायब है। पुलिस की जांच जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।