
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा
- अगर राशन या नहीं जाता, बुलडोजर से गरीबों व मुसलमानों को बनाया जा रहा निशाना
आजमगढ़/संसद वाणी
जनपद में आये सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कहा जब से भाजपा की सरकार बनी है दुरुपयोग हो रहा है जो भी खिलाफ हैं, उनके विरूद्ध मुकदमें दर्ज कराए जा रहे हैं। कहा कि जल्द ही आजम खान जेल से छूटेंगे, समाजवादी पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के साथ है। सपा सुप्रीमो ने कहा कि प्रदेश का भूसा दूसरे प्रदेशों को बेचा जा रहा है, जिससे पशुओं के लिए बड़ा संकट खड़ा हो सकता है। किसान सम्मान निधि में जांच के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने जब किसान सम्मान निधि का फैंसला लिया था तो इनके पास बजट नहीं था। यह लोग इस योजना का लाभ सभी किसानों को देना भी नहीं चाहते हैं।
अखिलेश यादव आज सपा विधायक दारा सिंह चौहान के पैतृक आवास गेलवारा में उनकी मां को श्रद्धांजलि देने आये। मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह सरकार बुलडोजर से डराना चाहती है। सरकार का यह बुलडोजर चिन्हित करके चलाया जा रहा है। जिले के अशरफिया यूनिवर्सिटी जो कि बहुत पुरानी है उस पर भी बुलडोजर चलाया जाना गलत है। कानपुर की घटना का जिक्र करते हुए सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि कानपुर में एक गरीब काम करने गया जब वह वापस घर लौटा तो घर ही गायब था। ऐसे में समझा जा सकता है कि यह सरकार किस तरह से बुलडोजर चला रही है। उन्होंने दावा किया कि भारत की हालत श्रीलंका से भी बुरी होती अगर राशन ना दिया जाये।
अखिलेश यादव ने कहा कि सबसे ज्यादा गैरकानूनी घर भाजपा के नेताओं के बने हैं। भाजपा अपने घरों पर कब बुलडोजर चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी पर तंज कसते हुए कहा कि जब ललितपुर में मुख्यमंत्री रामराज्य की बात कर रहे थे उससे पूर्व थाने में रेप हुआ था। ऐसे में इन थानों पर बुलडोजर कब चलेगा। भाजपा के लोगों से न्याय की उम्मीद नहीं हैं, यहां पर न्याय मांगने पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। आजमगढ़ उपचुनाव में प्रत्याशी के सवाल पर कहा कि पार्टी के लोगों के साथ बैठ कर विचार किया जाएगा।